सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर गति पकड़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित शिविरों एवं विशेष अभियान के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्रों, कार्डों एवं शासकीय सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। 25 मई 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 27 हजार 712 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 18 हजार 431 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 9 हजार 281 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
सुशासन एक्सप्रेस के तहत नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, बैंक खाता, किसान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक 10 हजार 682 आधार एमबीयू, 4 हजार 68 आयुष्मान कार्ड, 3 हजार 795 निर्वाचन फॉर्म-6, 2 हजार 601 आधार कार्ड तथा 1 हजार 524 स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।
इसी प्रकार राशन कार्ड से संबंधित 737, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के 816, बैंक खाते के 818 तथा पीएम सम्मान निधि से संबंधित 282 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण पुस्तिका, कृषि यंत्र, पीएम किसान योजना एवं ई-केवाईसी जैसी सुविधाओं का लाभ भी शिविरों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आदनार, बम्हनी, कुतुल, गुदाड़ी, आमासरा, नेलवाड़, पोचावाड़ा, ओरछा, मालिंगनार, बागबेड़ा, धुरबेड़ा, कोलियारी, कच्चापाल, बड़ेजम्हरी, घमंडी एवं अन्य ग्राम शामिल हैं। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।
शिविरों में कई मामलों का त्वरित निराकरण भी किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है। पहले जिन कार्यों के लिए लोगों को कई बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब वही कार्य गांवों में आयोजित शिविरों के माध्यम से आसानी से पूरे हो रहे हैं। इससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की बचत होने के साथ ही शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
सुशासन एक्सप्रेस अभियान विशेष रूप से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जा रहा है।
संवाददाता खुमेश यादव
