भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारत से नेपाल जा रहे एक युवक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ दबोच लिया।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 06:50 बजे एसएसबी की 39वीं वाहिनी की एफ कंपनी गौरीफंटा और गौरीफंटा थाना पुलिस सीमा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सटीक इनपुट के आधार पर पिलर संख्या 752 से भारतीय क्षेत्र के भीतर करीब 1800 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। संदेह होने पर जब टीम ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 6.56 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद हुई। पकड़ी गई ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है।पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान दिलशाद कुरैशी (26 वर्ष) पुत्र नन्हे, निवासी मोहल्ला कुंवरगढ़ा, सेंथल पट्टी, पोस्ट सेंथल, जिला बरेली के रूप में हुई है। आरोपी नशीले पदार्थ की इस खेप को भारतीय सीमा से नेपाल तस्करी करने की फिराक में था। एसएसबी और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ हिरासत में ले लिया गया। संयुक्त टीम ने लिखापढ़ी की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पकड़े गए तस्कर और बरामद ब्राउन शुगर को आगे की कार्रवाई के लिए गौरीफंटा पुलिस थाने को सौंप दिया है। पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पीयूष गुप्ता
