● यातायात पुलिस ने 55 बसों के विरुद्ध की कार्यवाही
यात्री बसों में आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार दिनांक 21.05.2026 से 27.05.2026 तक “लोक परिवहन बसों का विशेष चैकिंग एवं प्रवर्तन अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोक परिवहन बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना तथा यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करना है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस इंदौर द्वारा पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा भी विशेष अभियान चलाया गया।
शहर के चारों यातायात जोनों में विशेष सघन चैकिंग अभियान चलाकर लोक परिवहन बसों का निरीक्षण एवं दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 55 बसों के विरुद्ध विभिन्न नियम उल्लंघनों पर कार्यवाही की गई। जांच के दौरान 8 बसों में फायर सेफ्टी व्यवस्था नहीं पाई गई, 18 बसों में फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध नहीं था तथा 19 बसों में अग्निशमन यंत्र नहीं पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त बसों के आरसी, परमिट, फिटनेस, बीमा दस्तावेज, चालक लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।
यातायात पुलिस द्वारा बस चालकों एवं संचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने हेतु समझाइश भी दी गई।
संवादाता शोएब ख़ान
