उत्तर प्रदेश के अमरोहा ज़िले के एक छोटे से गांव शेखूपुरा इम्मा में इन दिनों एक गाय चर्चा का विषय बनी हुई है। वजह है एक साथ तीन बच्चों का जन्म।
गांव वालों के मुताबिक मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे गाय ने दो बछियों और एक बछड़े को जन्म दिया। ग्रामीण इसे “अनोखी घटना” मान रहे हैं, क्योंकि आम तौर पर गाय एक बार में एक ही बच्चे को जन्म देती है।
गाय की देखभाल करने वाली अनीता सैनी बताती हैं कि करीब चार महीने पहले यह गाय जंगल के पास भटकती मिली थी। परिवार उसे घर ले आया। उस समय गाय गर्भवती थी। अनीता कहती हैं, “हमने बस सोचा कि इसे सहारे की ज़रूरत है। खाने-पीने और देखभाल का इंतज़ाम किया। अब एक साथ तीन बच्चे हुए हैं तो पूरा गांव देखने आ रहा है।
गांव की संकरी गलियों में सुबह से लोगों की आवाजाही बनी रही। कोई मोबाइल से तस्वीरें ले रहा था, तो कोई बच्चों की सेहत के बारे में पूछ रहा था। बच्चों में से एक थोड़ा कमजोर बताया जा रहा है, जबकि बाकी स्वस्थ हैं।
स्थानीय पशु चिकित्सकों का कहना है कि गायों में एक साथ तीन बच्चों का जन्म दुर्लभ माना जाता है। पशु विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी गर्भावस्था में मां और बच्चों — दोनों को अतिरिक्त देखभाल की ज़रूरत होती है।
गांव के बुज़ुर्ग इसे “कुदरत का करिश्मा” कह रहे हैं, जबकि बच्चों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं। कई लोग सिर्फ इस गाय और उसके तीन नवजात बच्चों को देखने के लिए पड़ोसी गांवों से भी पहुंच रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में पशु सिर्फ आजीविका का साधन नहीं होते, वे परिवार का हिस्सा भी बन जाते हैं।
रिपोर्ट:- मौह अज़ीम अमरोहा
