नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर साप्ताहिक बाजार में दिनांक 14/052026 को “माड़ मैत्री, मैत्री चौपाल” मुहिम को आगे बढ़ाते हुए थाना छोटे डोंगर पुलिस द्वारा दूर-दराज़ अंदरूनी एवं आसपास के गांवों से आए ग्रामीण महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों को जनजागरूकता अभियान के तहत सरल एवं सहज भाषा में महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में थाना पुलिस एवं विधिक साक्षरता शिविर की टीम द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन ठगी, पैसों की धोखाधड़ी, घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद एवं अन्य अपराधों के संबंध में उदाहरण सहित समझाइश दी गई। साथ ही धार्मिक उन्माद, धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषयों पर कानून एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु आवश्यक जानकारी साझा की गई।
ग्रामीणों को कल दिनांक 15.05.2026 को आयोजित होने वाले ड्राइविंग लाइसेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर, नारायणपुर की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाते समय यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।
बाल विवाह की रोकथाम, नशा एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में भी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज — तीनों के लिए घातक है।
अंदरूनी क्षेत्रों से आए ग्रामीणों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा यह विश्वास दिलाया गया कि अबूझमाड़ क्षेत्र धीरे-धीरे नक्सल प्रभाव से मुक्त होकर विकास, शांति एवं विश्वास की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा पुलिस हमेशा एक मित्र एवं परिवार की तरह जनता के साथ खड़ी है।
माड़ मैत्री अभियान के उद्देश्य — पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास बढ़ाने, गांवों के विकास में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सामाजिक भाईचारा मजबूत करने — हेतु भी ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 100 ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने अभियान की सराहना करते हुए सकारात्मक सहभागिता दिखाई।
संवाददाता खुमेश यादव
