राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG-2026 परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित संचालन को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शनिवार को शासन सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को समन्वय के साथ परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील परीक्षा केंद्रों एवं जिलों में विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखने तथा अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, ट्रैफिक एवं भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने तथा केंद्रों पर निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखते हुए बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नकल, प्रतिरूपण अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि राजस्थान के 27 जिलों में बनाए गए 611 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2.09 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा सामग्री एवं OMR शीट्स के सुरक्षित परिवहन एवं संरक्षण के लिए भी विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
मुख्य सचिव ने चिकित्सा विभाग को परीक्षा दिवस पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को साइबर निगरानी, ऊर्जा विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को समयबद्ध सूचना प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री ए. राठौड़, प्रमुख शासन सचिव परिवहन भवानी सिंह देथा, शासन सचिव ऊर्जा आरती डोगरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
