उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष मंव जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाना तथा मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना था। उपायुक्त ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त द्वारा जनहित एवं युवाओं के सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अवैध मादक पदार्थों, जैसे गांजा, अवैध कफ सिरप एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री तथा तस्करी नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने हेतु सघन एवं औचक छापेमारी अभियान चलाएं।
औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि वे मेडिकल दुकानों की नियमित जांच सुनिश्चित करें, ताकि बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न हो सके।
नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस विभाग को ऐसे अभियुक्तों को चिह्नित कर PIT-NDPS Act के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास सतर्क निगरानी रखने, औचक निरीक्षण करने तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों, +2 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनजागरूकता अभियान संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियां चलाने को कहा।
उपायुक्त ने युवाओं एवं स्कूली बच्चों को नशे की लत से सुरक्षित रखने हेतु शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देश दिया गया कि विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर के निर्धारित दायरे में आने वाले सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों / दुकानों से निर्धारित प्रपत्र में स्व-घोषणा पत्र भरवाया जाए कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं कर रहे हैं।
जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों, विशेषकर दियारा क्षेत्रों एवं फेरी सेवाओं के माध्यम से होने वाले संभावित अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। इसके लिए अनुमंडल प्रशासन को आसूचना तंत्र के आधार पर निरंतर औचक निरीक्षण करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग को जिले के +2 उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान में Local Influencers की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं तक सकारात्मक संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके। साथ ही सार्वजनिक स्थलों एवं संस्थानों में NMBA के तहत QR Code एवं ब्रांडिंग प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, साहिबगंज, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज/राजमहल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साहिबगंज/राजमहल, सामान्य शाखा पदाधिकारी, औषधि निरीक्षक सहित अन्य संबंधित जिला एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
आकाश कुमार भगत
