Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

सुदूर दुर्गम क्षेत्रों में समयसीमा में उत्कृष्ट जनगणना कार्य करने वाले प्रगणकों का हुआ सम्मान



 *कलेक्टर नम्रता जैन ने प्रगणकों को प्रशस्ति देकर बढ़ाया उत्साह* 

जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रगणकों को आज कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नम्रता जैन द्वारा सम्मानित किया गया। जिला जनगणना शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।


कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में समयबद्ध तरीके से पूरा करना चुनौतीपूर्ण दायित्व होता है। जिले के प्रगणकों ने समर्पण, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया है। उन्होंने सभी प्रगणकों को बधाई देते हुए उनके कार्य को प्रेरणादायी बताया।


जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों द्वारा मकसुली, मंडाली, खोड़पार, फरसबेड़ा, कोस्तामरका, कोहकापार, माटवाड़ा, चिहुकापाल, हितावाड़ा, कोहकोड़ी, चालचेर, कोडोकाल एवं काकोड़ी जैसे सुदूर अंचलों में पहुंचकर निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण किया गया।


कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों ने अपने अनुभव भी साझा किए। मंगरू राम पल्लो, सहायक शिक्षक बालक आश्रम बेड़मा एवं एचएलबी प्रगणक ने बताया कि बेड़मा से हितावाड़ा तक नदी-नालों और पहाड़ियों को पार करते हुए उन्होंने लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर जनगणना कार्य पूर्ण किया। उन्होंने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जनगणना कार्य को जिम्मेदारी के साथ पूरा करना उनके लिए गर्व का विषय रहा। अन्य प्रगणकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि दूरस्थ गांवों तक पहुंचने में कई चुनौतियां आईं, लेकिन टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सभी ने कार्य को समयसीमा में पूरा किया।


सम्मानित प्रगणकों में उपेन्द्र कुमार वानी, द्वारिका राम सिन्हा, यीशु कुमार निषाद, शंभु प्रसाद साहू, मंगरू राम पल्लो, मनकू राम कर्मा, देवेन्द्र कुमार देवांगन, हेमन्त कुमार शोरी, छाया अमांदिया, सेवा राम साहू, गोपी कुमार साहू, उत्तम कुमार साहू, ओमप्रकाश आर्य, सागर नेताम, जादूराम मरकाम, गरिमा कुमार, रूचि साव एवं लक्ष्मी पोटाई शामिल रहे।

संवाददाता खुमेश यादव 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes