मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मगरौनी/नरवर, शिवपुरी।
पुलिस चौकी मगरौनी थाना नरवर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब एवं एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 78 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती रागिनी डोलकर भुटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी डॉ. आयुष जाजव के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी नरवर निरीक्षक विनय यादव के नेतृत्व में मगरौनी पुलिस टीम को 28 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर नरवर-भितरवार रोड की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP07-NQ-5122 को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर बंधे दो प्लास्टिक के बोरों में कुल 350 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रतिपाल उर्फ गिर्राज पुत्र मनिराम बघेल उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम हरसी थाना बेलगड़ा जिला ग्वालियर बताया।
पुलिस द्वारा आरोपी से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 63 लीटर बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल सहित कुल 78 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय यादव, चौकी प्रभारी मगरौनी उप निरीक्षक अभिमन्यु राजावत, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, आरक्षक सचिन यादव, रविंद्र भारस्कर एवं राघवेंद्र तोमर की विशेष भूमिका रही।
जितेन्द्र शाक्य
