सीधी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत थाना जमोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3480 शीशी प्रतिबंधित ONEREX कफ सिरप जप्त की है। जप्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत ₹6 लाख 96 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत द्वारा संचालित अभियान के अंतर्गत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस ग्राम चौफाल कोठार क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सजहवा-नेबूहा-कठौली मार्ग स्थित पुलिया के पास भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिया के नीचे रखी 29 बोरियों से ONEREX कफ सिरप की 120-120 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं। कुल 3480 शीशी कफ सिरप जप्त की गई। जांच में कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट मिश्रित पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत नियंत्रित मादक पदार्थ की श्रेणी में आता है।
थाना जमोड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
संवाददाता गिरीश शुक्ला
