मथुरा जनपद के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सूचना मिलने के महज 12 घंटे के भीतर सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी हुए ट्रक सहित लाखों रुपये का कीमती माल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को एक ट्रक (HR 55 AQ 0672) चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक सामान लदा हुआ था। इस संबंध में थाना रिफाइनरी पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 मई 2026 की सुबह करीब 2:52 बजे फैक्ट्री एरिया रेलवे लाइन के पास ट्रक को बरामद कर लिया। मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान रिजवान, नासिर, मोहब्बत और हाशिम के रूप में हुई है। सभी आरोपी मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
बरामदगी में ट्रक के अलावा करीब 55 टैबलेट (Xiaomi Pad 6), 10 महंगे मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और लगभग 80 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित तरीके से ट्रकों से माल चोरी करते थे। गिरोह पहले वेयरहाउस या ट्रांसपोर्ट से जुड़ी जानकारी हासिल करता था, फिर ड्राइवरों से संपर्क कर ट्रक में लोड माल की जानकारी लेकर सुनसान स्थान पर ट्रक रोककर वारदात को अंजाम देता था। इसके बाद माल को दिल्ली के बाजारों में बेच दिया जाता था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों में सक्रिय था और इसके अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस सफल ऑपरेशन में सहायक पुलिस अधीक्षक जयबिंद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में थाना रिफाइनरी के एसएसआई विक्रांत तोमर सहित टीम के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह की त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निर्मल वर्मा की खास रिपोर्ट
