अबूझमाड़ की धरा पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आज 10 जोड़ों ने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर नये जीवन की शुरूआत की। आज का दिन 10 परिवारों के लिए यादगार एवं उत्साहमय रहा। नव विवाहित जोड़ो को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देने जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, राज्य सहकारिता लघु वनोपज के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, , नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी हुसेंडी, नरेश कोर्राम सहित कलेक्टर नम्रता जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। समारोह ज़िला मुख्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री लुपेंद्र महिलांग ने सामूहिक विवाह आयोजन के लिए की गयी विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मरकाम ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नेे प्रदेश के ऐसे गरीब माता-पिता जिनकी आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है, वे अपने बच्चों की शादी धूमधाम से कर सकें। ऐसे माता-पिता के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना कारगर सिद्ध हो रही है। इस योजना से नारायणपुर की बेटियों के हाथ पीले होने के साथ-साथ प्रदेश के हजारों बेटियों के हाथ भी पीले हुए हैं और वे सुखमय जीवन जी रही है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तहत प्रत्येक वर-वधू को 50 हजार रूपये देने का प्रावधान है जिसके तहत उनके खाते में 35 हजार रुपए हस्तांतरित की जाती है।
राज्य सहकारिता लघु वनोपज के अध्यक्ष श्री सलाम ने सामूहिक विवाह में शामिल नव विवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज इतने जोड़ों का विवाह संपन्न हो रहा है, जो बहुत ही खुशी की बात है। उन्होंने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बस्तर के विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह शासन की बहुत अच्छी योजना है, गरीब परिवारों के लिए यह बहुत ही सहयोगी है। इससे गरीब परिवारों के बच्चों की शादी संपन्न कराने में मदद मिलती है, साथ ही कार्यक्रम में शामिल छोटे-बड़े सभी लोगों का आशीर्वाद भी मिलता है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित कर शासन की योजनाओं की जानकारी दी एवं नव विवाहित जोड़ो को सुखमय जीवन व्यतीत करने की शुभकामनाएं दी।
संवाददाता खुमेश यादव
