सीधी जिले में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को जिलेभर के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह पहल क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के मार्गदर्शन में संचालित की गई।
इसी क्रम में थाना रामपुर नैकिन एवं पुलिस चौकी खड्डी के प्रभारी नीरज साकेत द्वारा चकड़ौर गांव में जन चौपाल लगाई गई, जहां ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। चौपाल का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना रहा।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। महिला संबंधी अपराधों पर विशेष सुनवाई की गई तथा साइबर अपराधों से बचाव, नशे के विरुद्ध जागरूकता और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सीधी पुलिस ने इस जनहितकारी पहल को जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। “आपकी सुरक्षा – हमारा संकल्प” के संदेश के साथ अधिक से अधिक नागरिकों को ऐसे आयोजनों में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
सीधी से गिरीश शुक्ला की रिपोर्ट
