सीधी को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आज आयोजित दिशा बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीधी के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की रुकावट स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नंबर 1 बनाने की दिशा में कार्य करें।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने, हितग्राही मूलक योजनाओं में पारदर्शिता और संवेदनशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया।
सांसद ने रेलवे परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि 30 जून तक सीधी तक रेल पहुंचाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भू-अर्जन एवं निर्माण कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में प्रभावी बनाने, साथ ही आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह की बहनों की आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने की बात कही।
बैठक में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने क्षेत्रीय समस्याओं एवं प्राथमिकताओं से अवगत कराया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गिरीश शुक्ला की रिपोर्ट
