भीलवाडा = राजेंद्र मार्ग स्कूल की उच्च प्राथमिक विद्यालय विंग में भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए मानवीय पहल की गई। मंगलवार को स्कूल परिसर में स्थित पेड़ों पर पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए।
प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह गहलोत ने बताया कि बढ़ती गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए पानी का संकट खड़ा हो जाता है। इसी मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसर के विभिन्न पेड़ों पर सुरक्षित स्थान देखकर परिंडे लगाए गए हैं।
प्रधानाचार्य ने केवल परिंडे बांधने तक ही इतिश्री नहीं की, बल्कि इनमें नियमित रूप से दाना और पानी भरने के लिए स्टाफ सदस्यों को जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने मिडिल सेक्शन शिक्षक रश्मि इन्टोदिया, गुमान सिंह जैन, लीना सैनी, सरोज धाकड़, रानू सोडाणी, पूजा शर्मा, इंदिरा सोमानी, शाहीन खान व शशि को इन परिंडों की नियमित देखरेख और दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में भी जीव-जंतुओं के प्रति दयाभाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
