पिड़ावा तहसील से संवाददाता: मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा।
सुसनेर रोड पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा
पिड़ावा से करीब 1 किलोमीटर दूर कल्याणपुरा गांव के पास पीलिया खाल की पुलिया पर हुआ।
सुबह राहगीरों ने पुलिया के नीचे एक बाइक और एक युवक को पड़ा देखा, जबकि पुलिया के ऊपर दूसरा युवक घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को पिड़ावा
अस्पताल पहुंचाया।
पुलिया से नीचे गिरी बाइक
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के जमुनिया निवासी ईश्वर और उनके साढ़ू पिपलिया निवासी बालूसिंह बाइक से पिड़ावा
की ओर आ रहे थे। रात के समय मोड़ पर स्थित पुलिया पर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक सहित पुलिया के नीचे खाल में जा गिरे।
इस हादसे में बालूसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ईश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ईश्वर किसी तरह पुलिया के ऊपर आकर बैठ गए थे, जहां सुबह राहगीरों ने उन्हें देखा।
अस्पताल में उपचार जारी
घायल ईश्वर का
पिड़ावा अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मृतक बालूसिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों में
आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। मोड़ पर व्हाइट रेडियम पट्टियां नहीं होने से रात में रास्ते का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, ओसाव से कल्याणपुरा होते हुए पटपड़ा रोड तक कई स्थानों पर न तो सुरक्षा दीवार (पैरापेट) बनाई गई है और न ही रेलिंग लगाई गई है, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। पुलिया के पास लगाए गए पिलरों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, जो कुछ समय में ही क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह पंवार सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया पर मजबूत सुरक्षा दीवार और रेलिंग का निर्माण कराया जाए। साथ ही सभी अंधे मोड़ों और यू-टर्न पर रेडियम पट्टियां और व्हाइट लाइनिंग की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो इस प्रकार की घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।
