Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे - सचिन यादव - NN81



खरगोन जिले से संवाददाता अजीज सूफी

स्वास्थ्य, सिंचाई एवं विकास कार्यों को मिलेगी नई गतिविधायक सचिन यादव ने ली समीक्षा बैठकों की श्रृंखला, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


कसरावद/भीकनगांव, 11 अप्रैल 2026/, क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव द्वारा लगातार समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कसरावद एवं भीकनगांव में आयोजित बैठकों में विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा कर अधिकारियों को समय सीमा में लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 


रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कसरावद में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक श्री सचिन यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता, औषधि वितरण व्यवस्था तथा रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक श्री यादव ने चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज को समय पर एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए शहरों की ओर रुख न करना पड़े।

उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध उपकरणों, दवाइयों एवं मानव संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक पूर्ति हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।


सिंचाई परियोजनाओं, विद्युत आपूर्ति एवं जनसुविधाओं की गहन समीक्षा

बैठक के दौरान विधायक श्री यादव ने इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर एवं बलकवाड़ा सिंचाई परियोजनाओं सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल सिंचाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं कृषि विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएँ, ताकि किसानों एवं ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके। इसके साथ ही विद्युत विभाग की बैठक में आमजनों एवं किसानों को निरंतर विद्युत आपूर्ति एवं समय पर लाईनों के रख-रखाव सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए । 

विधायक श्री यादव ने कहा कि “जनसेवा ही मेरा संकल्प है। स्वास्थ्य, सिंचाई, विद्युत और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर गांव तक विकास की किरण पहुँचे, यही हमारा लक्ष्य है।


शुक्रवार को भीकनगांव में खण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

शुक्रवार को जनपद पंचायत कार्यालय, भीकनगांव के सभागृह में विधायक श्री सचिन यादव की अध्यक्षता में खण्ड स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से खरगोन उद्वहन, चौण्डी-अंदड़ एवं बिंजलवाड़ा सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक श्री यादव ने इन परियोजनाओं को क्षेत्र की कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं, नहर लाइनिंग, जल वितरण प्रणाली एवं किसानों तक पानी की वास्तविक पहुँच की विस्तृत जानकारी ली।


पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक श्री यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी गांव में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जल स्रोतों की मरम्मत, मोटर पंपों की नियमित कार्यशीलता एवं पानी की टंकियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे - सचिन यादव 

विधायक श्री सचिन यादव ने कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति देखना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। सिंचाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और शिक्षा हमारी प्राथमिकताएँ हैं।  बैठक के अंत में उन्होंने सड़कों, नालों एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठकों में जनपद सीईओ, एसडीएम, पीएचई, सिंचाई, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes