भीलवाड़ा में गौ सम्मान अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक
भीलवाड़ा = शहर में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आव्हान अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यह बैठक भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के कार्यालय पर आयोजित हुई, जहां राज्य के सहकारिता मंत्री गौतम दक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सहकारिता मंत्री गौतम दक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल का स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया। बैठक के दौरान गौतम दक ने अभियान के उद्देश्य और उसकी व्यापकता पर चर्चा करते हुए बताया कि यह अभियान केवल गौ संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर उन्हें सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गौवंश की रक्षा के साथ-साथ उससे जुड़े आर्थिक और सामाजिक पहलुओं को भी मजबूती मिल सके।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने भी अभियान का समर्थन करते हुए भीलवाड़ा के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं और सामूहिक प्रयास से ही इनके बेहतर परिणाम सामने आते हैं।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि भीलवाड़ा हमेशा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौ सम्मान आव्हान अभियान को यहां के नागरिकों का भरपूर समर्थन मिलेगा और यह अभियान जिले में एक जन आंदोलन का रूप लेगा।
बैठक के अंत में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान विधायक कार्यालय पर संत लालजी महाराज, संत दादूदयाल जी महाराज, संत चेतनदास जी महाराज, हाथी भाटा आश्रम के संत दास जी महाराज, बाबू लाल टाक, एडवोकेट अर्पित कोठारी, कांति लाल जैन, देवेन्द्र कुमावत, मनोज प्रताप, चितवन व्यास, छीतर मल गैंगट सहित अनेक गौ सेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
