साहिबगंज झारखण्ड
जिला ब्यूरो आकाश कुमार भगत
दिनांक: 11 / 04 / 2026
उपायुक्त हेमंत सती ने विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण, आंगनवाड़ी केंद्र में बिजली कनेक्शन शीघ्र कराने का निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी हेमंत सती द्वारा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय चांदवासी तथा आंगनवाड़ी केंद्र सहराजढाब का भ्रमण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।
इसके पश्चात उन्होंने अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय चांदवासी का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र सहराजढाब में बिजली कनेक्शन नहीं होने की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को शीघ्र विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, ताकि बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरीक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें।
