संवाददाता: गिरीश शुक्ला
सीधी। जिले की जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पोस्ता में आयोजित अंत्योदय स्वास्थ्य एवं संकल्प से समाधान शिविर में जनसेवा और मानवता का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां आमजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, वहीं दूसरी ओर युवाओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से गौरव सिंह बघेल, विवर तिवारी, लवकेश सिंह, अमन सिंह, विपुल कुशवाहा, कृष्णराज तिवारी, बिपिन कोल, विवेक द्विवेदी, शैफली खान एवं ऋषभ सिंह शामिल रहे। सभी रक्तवीरों के इस सराहनीय कार्य की उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश मिश्रा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।
शिविर में स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, पेंशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाया।
ग्राम पोस्ता में आयोजित यह शिविर न केवल जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बना, बल्कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के जरिए समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी फैलाने में सफल रहा।
