गंगापुर आमली। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमली में वरिष्ठ शिक्षक किशन लाल जाट के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासियों की बड़ी उपस्थिति रही।
समारोह में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अक्षरा सिंह, जाला साहब सुरेश चौधरी, जिला परिषद के पूर्व सदस्य, आमली सरपंच मुन्नी देवी नायक, सरपंच सीमा देवी जाट, पूर्व सरपंच रतनलाल जाट, ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष गोपाल वैष्णव एवं पूर्व अध्यक्ष कमलेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने किशन लाल जाट के दीर्घ शिक्षकीय कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन को शिक्षा सेवा के लिए समर्पित किया। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की और समाज में अपना स्थान बनाया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें साफा, माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और शिक्षण के प्रति समर्पण को याद करते हुए भावुक शब्दों में उन्हें विदाई दी।
कार्यक्रम के अंत में किशन लाल जाट ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रहा।
समारोह का संचालन विद्यालय स्टाफ द्वारा किया गया तथा अंत में सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। रिपोर्टर प्रकाशचंद्र भीलवाड़ा
