कांकेर जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बड़ेधौसा, मानकोट, उपरकोटगांव और जिकलामारी के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में नक्सली विस्फोटक सामग्री बरामद की गई
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 27-28 अप्रैल 2026 को डीआरजी, जिला पुलिस बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम ने आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर और ताड़ोकी थाना क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जंगल क्षेत्र से 07 नग 5-5 किलो के प्रेशर कुकर IED, 02 नग पाइप बम, कोडेक्स वायर, वर्दी कपड़ा और इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।
बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया गया, जिससे संभावित बड़े नुकसान को टाला गया।
यह पूरी कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन में की गई। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) गिरिजा शंकर साव, उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी) अविनाश कुमार ठाकुर सहित डीआरजी, जिला पुलिस बल और बीएसएफ के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही नक्सल संगठन से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर शासन की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और मुख्यधारा से जुड़ें।
सवांददाता - हेमन्त उसेन्डी
