उमरिया जिले के नौरोजाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नरवार 29 में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार हीरालाल सिंह राठौर के घर के पास पीएचई विभाग के तहत लगा ट्रांसफार्मर दो दिन पूर्व जल गया, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी से लोग पहले ही परेशान हैं, ऐसे में पानी की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पेयजल संकट के कारण गांव के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
समस्या को लेकर ग्रामीण विद्युत कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें और अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाकर जल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि लोगों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
मदनलाल बर्मन
