साहिबगंज झारखण्ड
जिला ब्यूरो आकाश कुमार भगत
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु उपायुक्त का औचक निरीक्षण
झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची द्वारा आज आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दीपक कुमार दुबे द्वारा जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं, प्रश्नपत्र वितरण, कक्ष निरीक्षण व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने पर बल दिया।
ज्ञातव्य है कि उक्त परीक्षा का आयोजन साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित कुल 13 परीक्षा केंद्रों—राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ में किया जा रहा है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संचालित हो रही है। इस परीक्षा में कुल 3653 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके तहत 16 पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी तथा 06 जोनल-सह-उड़नदस्ता दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज श्री अमर जॉन आईन्द को प्रभारी पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री झुन्नू कुमार मिश्रा को नोडल पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता श्री गौतम कुमार भगत को वरीय प्रभारी पदाधिकारी के रूप में दायित्व सौंपा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को शांतिपूर्वक एवं नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की गई है। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा की पवित्रता एवं गोपनीयता को हर हाल में बनाए रखें।
जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे परीक्षा पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो रही है।
