Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

बेनूर में वन मंत्री ने जिले को दी 10.51 करोड़ के विकास कार्यों की बड़ी सौगात - NN81



 लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़ 

संवाददाता खुमेश यादव 


नारायणपुर, 04 अप्रैल 2025 // जिले के ग्राम बेनूर में आयोजित ओरमाखाईन माता मेले के अवसर पर प्रदेश के वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों को बड़ी विकास सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 10 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।


कलेक्टर नम्रता जैन ने जानकारी दी कि इन लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यों में जिला खनिज न्यास निधि के अंतर्गत 42 कार्यों का भूमिपूजन, अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के अंतर्गत 6 कार्य, क्रेडा विभाग के अंतर्गत 3 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल हैं। इसके साथ ही 7 उच्च प्राथमिक शाला भवन निर्माण, 12 प्रार्थना शेड निर्माण, एक अतिरिक्त कक्ष निर्माण, 57 स्कूलों के जीर्णोद्धार, बस्तर विकास प्राधिकरण अंतर्गत 10 कार्यों तथा 5 आश्रम छात्रावासों के अनुरक्षण के कार्यों सहित कुल 143 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद अब नारायणपुर और अबूझमाड़ क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र राज्य के समृद्ध जिलों में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 हजार 500 रुपये कर दिया गया है, जिससे वनाश्रित परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।


मंत्री श्री कश्यप ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में अन्नप्राशन एवं गर्भवती माताओं का गोद भराई किया। इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र, स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख, वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण कार्ड और चक्रीय निधि से ऋण स्वीकृति चेक, श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता तथा निर्माण आवास योजना के लाभ, मत्स्य विभाग द्वारा सामग्री वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘खुशियों की चाबी’, उद्यानिकी विभाग द्वारा बीज वितरण, खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के प्रमाण पत्र तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।


इस अवसर पर वन मंत्री ने स्थानीय मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें रेमावंड मुख्य मार्ग से कुढ़ारगांव द्वितीय सड़क निर्माण, रेमावंड में सांस्कृतिक मंच निर्माण, बेनूर में भूषण घर से सौदागर घर तक सीसी सड़क निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र से महतारी सदन तक सीसी सड़क निर्माण, धान खरीदी केंद्र में चबूतरा निर्माण, कर्मचारी आवास निर्माण, बेनूर में जिला सहकारी बैंक की स्थापना तथा कुढ़ारगांव में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा।


कार्यक्रम के दौरान राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, संध्या पवार, बृजमोहन देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं पुलिस पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ एम जी वेंकटेशा, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes