न्यूज़ नेशन 81 क्राइम ब्यूरो सोनभद्र रामआश्रय बिंद
सोनभद्र। रामनवमी के पावन अवसर पर जनपद के शिक्षा विभाग को एक बड़ी सौगात मिली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में नव निर्मित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय का भव्य उद्घाटन जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने विधिवत कार्यालय में प्रवेश कर नए कार्यकाल की शुरुआत की।
उद्घाटन के पश्चात जिलाधिकारी ने कार्यालय के सभी कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में शेष बचे अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी नए शैक्षिक सत्र से इस कार्यालय का संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे शिक्षा व्यवस्था में तेजी और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सके।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती नमिता शरण, जिला परियोजना अधिकारी विनीत सिंह सहित जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही सभी विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, डीसी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और कार्यालय स्टाफ की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
