सीधी म.प्र.
संवाददाता गिरीश शुक्ला
सीधी, 19 मार्च। पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से सीधी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम के तहत थाना बहरी क्षेत्र के ग्राम चंदवाही में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडे एवं पुलिस बल की मौजूदगी में लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन और सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व पर भी जागरूकता फैलाई गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “पुलिस और जनता के बीच अटूट विश्वास ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। हमारा लक्ष्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि ऐसा माहौल बनाना है जहां हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।”
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। साथ ही अभिभावकों से बच्चों, विशेषकर बेटियों को शिक्षा और अच्छे संस्कार देने की अपील की। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने हेलमेट और सीटबेल्ट के उपयोग पर जोर दिया और कहा कि पुलिस जनता की मित्र है, जो हर समय उनकी सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में थाना प्रभारी राजेश पांडे, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंच एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।
