भीलवाड़ा = वस्त्रनगरी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) में एम्बुलेंस माफिया की गुंडागर्दी और लूटखसोट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल की व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सहाड़ा क्षेत्र के सोनियाणा निवासी सुनील जाट ने जिला कलेक्टर, एसपी साहब तथा भीमगंज थाने में रिपोर्ट देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी रतनी जाट गंभीर हालत में एमजीएच में भर्ती थीं, जिन्हें डॉक्टरों द्वारा उदयपुर रेफर किया गया। इसी दौरान एम्बुलेंस चालक आनंद शर्मा उर्फ आलू और उसका भाई दीपक शर्मा ने उन्हें घेर लिया और खुद को ‘हिंदू संगठन’ से जुड़ा बताकर भरोसे में लिया। आरोप है कि दोनों ने कहा कि वे मुस्लिम समुदाय के लोगों से 10 हजार रुपये लेते हैं, लेकिन “तुम हिंदू हो” कहकर उनसे 4 हजार रुपये ले लिए। पत्नी की हालत को देखते हुए घबराए सुनील ने यह राशि दे दी।
इसके बाद आरोपियों ने ऑक्सीजन और नर्सिंग स्टाफ के नाम पर 12 हजार रुपये और मांगे। जब सुनील ने पैसे देने से मना किया और अपने 4 हजार रुपये वापस मांगते हुए 108 एम्बुलेंस से जाने की बात कही, तो दोनों भाई उग्र हो गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गले से एक तोला सोने की चेन छीन ली। बीच-बचाव करने आई एक महिला के साथ भी अभद्रता की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने जिला कलेक्टर, एसपी और भीमगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटी गई राशि और चेन की बरामदगी तथा अस्पताल परिसर में सक्रिय एम्बुलेंस माफिया पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर एमजीएच में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
