न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
भीलवाड़ा। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुभाषनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली घी व सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन व वृत्ताधिकारी माधव उपाध्याय के सुपरविजन में थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 21 मार्च 2026 को शाम गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुभाषनगर पश्चिम विस्तार क्षेत्र में मकान नंबर 5, 6, 7 में नकली घी बनाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग व सरस डेयरी के अधिकारियों के साथ मौके पर दबिश दी।
मौके से भारी मात्रा में सामान जब्त
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी सरस डेयरी के नाम से वनस्पति व कॉटन सीड ऑयल मिलाकर नकली घी तैयार कर बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने मौके से 31 टिन नकली घी, 32 टिन वनस्पति, 18 टिन कॉटन सीड ऑयल सहित कुल 125 टिन, खाली टिन, गैस सिलेंडर, पैकिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा व सरस डेयरी के नकली लेबल व कार्टून जब्त किए।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से आरोपी शंकर मगरिन्दा (45) निवासी सुभाषनगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 274, 275 व कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य से खिलवाड़
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नकली घी बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था, जिससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।
विशेष टीम की भूमिका
कार्रवाई में सुभाषनगर थाना पुलिस के साथ कांस्टेबल सोनू कुमार व सुनील की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
