Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रसद विभाग की कार्रवाई, 5 स्थानों पर औचक निरीक्षण कर 16 सिलेंडर सहित अन्य उपकरण जब्त - NN81




न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली

भीलवाड़ा =  जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को रसद विभाग द्वारा भीलवाड़ा शहर में 5 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 16 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 चूल्हे, 1 रिफिलिंग मशीन तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए। जब्त सामग्री शहर की गैस एजेंसियों विमल डिस्ट्रीब्यूटर्स एवं मोदी गैस के कार्मिकों को सुपुर्द की गई।


कार्रवाई के दौरान आर.के. कॉलोनी स्थित श्री शिव साईं मंदिर के सामने शिव शक्ति खमण सेंटर का निरीक्षण किया गया। मौके पर दुकान संचालक राजू गिरी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर से खमण बनाकर ग्राहकों को बेचा जाना पाया गया। फलस्वरूप उसके कब्जे से 5 घरेलू गैस सिलेंडर, 1 चूल्हा, रेगुलेटर व रबर पाइप आदि जब्त कर मोदी गैस को सुपुर्द किए गए।


इसी प्रकार आर.के. कॉलोनी स्थित गुजरात खमण की जांच के दौरान उसके मालिक श्यामलाल अग्रवाल के कब्जे से 1 घरेलू गैस सिलेंडर व चूल्हा जब्त कर विमल डिस्ट्रीब्यूटर्स को सौंपा गया।

इसके बाद सुभाष नगर स्थित देवनारायण रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया, जहां रेस्टोरेंट संचालक नारायण गुर्जर द्वारा रसोई में घरेलू गैस सिलेंडर का वाणिज्यिक उपयोग कर ग्राहकों को भोजन परोसा जाना पाया गया। इस पर उसके कब्जे से 6 घरेलू गैस सिलेंडर एवं अन्य सामग्री जब्त कर विमल डिस्ट्रीब्यूटर्स को सुपुर्द किए गए।


कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए यूआईटी के सामने स्थित श्री मिठास स्वीट्स का निरीक्षण किया गया, जहां दुकान संचालक राहुल कुमावत द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग किया जाना पाया गया। उसके कब्जे से 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर मोदी गैस को सौंपे गए।

यूआईटी रोड पर ही एम.एस. इंजीनियरिंग का निरीक्षण किया गया, जहां मालिक मकसूद द्वारा गैस वेल्डिंग में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जाना पाया गया। फलस्वरूप उसके कब्जे से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर मोदी गैस को सुपुर्द किया गया।


जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार रसद विभाग द्वारा गठित जांच दल होटल, ढाबों, गैस एजेंसियों एवं रिफिलिंग केंद्रों का औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग के विरुद्ध एलपीजी ऑर्डर 2000 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक पैनिक बुकिंग एवं सिलेंडरों के संग्रह से बचें तथा व्यापारी एवं गैस एजेंसी संचालक भी जनहित में नियमानुसार कार्य करें। जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी सुरेश कुमार, प्रवर्तन निरीक्षक विनोद मीणा एवं यूडीसी राधेश्याम खटीक शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes