राजस्थान
रिपोर्टर - मीठालाल गुर्जर
राजसमंद जिले की चारभुजा तहसील के रिछेड़ पंचायत में जन्मदिन के मौके पर सेवा और समर्पण की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां जश्न की जगह इंसानियत को प्राथमिकता दी गई।
कुंभलगढ़ क्षेत्र के रिछेड़ गांव में सरपंच प्रशासक केसर सिंह खरवड़ ने अपने जन्मदिवस को समाज सेवा को समर्पित करते हुए एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कराया। तुलसी विहार, रिछेड़ में आयोजित इस शिविर का आयोजन अलग ज्योति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों का भरपूर सहयोग मिला।
खास बात यह रही कि सरपंच प्रशासक केसर सिंह खरवड़ के जन्मदिन पर यह रक्तदान शिविर लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया गया, जिससे यह पहल अब एक परंपरा बनती जा रही है।
समाजसेवी देवी लाल पालीवाल के अनुसार, शिविर में कुल 126 यूनिट रक्तदान हुआ, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। रक्तदान शिविर में रिचर्ड पंचायत के साथ ही आसपास की विभिन्न पंचायत के लोगों ने भी शिरकत की और इस पुनीत कार्य में योगदान दिया। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होगा।
शिविर के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने की यह पहल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है, जो समाज को यह संदेश दे रही है कि खुशियों के मौके पर जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची मानवता है।
केसर सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर लोगों की सोच सकारात्मक नहीं रही है ऐसे में उन्होंने ग्रामीणों की सोच बदलने का प्रयास किया है जिसके जरिए ग्रामीण भी अब जागरूक हो रहे हैं और रक्तदान का पुनीत कार्यक्रम किसी की अनमोल जान बचाने के लिए अपना योगदान दे रहे हैं।
