जगदलपुर। शहर के हृदय स्थल सीरासार चौक, मावली मंदिर के सामने रियासतकालीन जोड़ा होलिका दहन का आयोजन परंपरानुसार 02 मार्च को भव्य रूप से संपन्न होगा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा इस ऐतिहासिक परंपरा का विधिवत निर्वहन किया जाएगा।
समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण जी की दो डोलियां भव्य शोभायात्रा के रूप में निकाली जाएंगी। यह शोभायात्रा पारंपरिक रथ परिक्रमा मार्ग से होते हुए मावली मंदिर के सामने स्थित होलिका दहन स्थल तक पहुंचेगी। डोली आगमन के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी तथा शुभ मुहूर्त में रियासतकालीन जोड़ा होलिका दहन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीरासार चौक स्थित मावली मंदिर के समक्ष माता मावली एवं भगवान जगन्नाथ स्वरूप श्रीकृष्ण के कल्कि अवतार को समर्पित जोड़ा होली (दो होली) का दहन किया जाता है। यह परंपरा शताब्दियों से अनवरत चली आ रही है, जिसे 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज पूर्ण श्रद्धा और धार्मिक आस्था के साथ आज भी निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। होलिका पूजन के पश्चात श्रद्धालु प्रज्वलित जोड़ा होलिका में श्रीफल एवं पूजन सामग्री अर्पित कर परिक्रमा करेंगे तथा पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
समाज की ओर से समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
रिपोर्टर :- विकास सिंह
