देवली माँजी क्षेत्र की ग्राम खजूरी स्थित बावड़ी वाले श्री हनुमान जी महाराज प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में हुआ। सुबह से ही गांव में धार्मिक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी महाराज मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की।, कथा वाचन सुप्रसिद्ध पं. श्री कुलदीप जी महाराज श्री धाम वृंदावन मथुरा वालो के श्रीमुख से प्रारंभ हुआ। प्रथम दिवस कथा में भागवत महात्म्य, कलियुग में भक्ति के महत्व और सत्संग की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। आयोजन में खजूरी सहित आसपास के गांव—कुराड़, देवली, आमली झाड़, और खड़ीपुर के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पांडाल में बैठने, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित की गई हैं। कथा आयोजन करता जजावरा परिवार के सदस्य व भाजपा देवली मण्डल अध्यक्ष विजय शंकर सैनी ने बताया कथा प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगी। क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है। सात दिनों तक चलने वाला यह आध्यात्मिक आयोजन क्षेत्र में भक्ति, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करेगा।
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Top Post Ad
Advertisement
