Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

कलेक्टर ने किया सुलेंगा, मड़ागड़ा व कन्हारगांव के आश्रम, छात्रावास, स्कूल व स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण: NN81

 


लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़ 

संवाददाता खुमेश यादव 

व्यवस्थाओं की समीक्षा कर भवन मरम्मत व आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने दिए निर्देश

नारायणपुर, 07 फरवरी 2026 // कलेक्टर नम्रता जैन ने शुक्रवार को सुलेंगा, मड़ागड़ा एवं कन्हारगांव में स्थित आश्रम, छात्रावास, स्कूल तथा स्वास्थ्य केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण की शुरुआत सुलेंगा बालक आश्रम छात्रावास से की गई, जहां कलेक्टर ने बच्चों के आवासीय कक्ष, शौचालय, पेयजल, रसोई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रावास अधीक्षक द्वारा नए भवन, बिस्तर-गद्दा एवं प्यून की मांग रखी गई, जिस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में निर्माणाधीन शौचालय को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।


इसके पश्चात कलेक्टर ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सुलेंगा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गर्भवती महिलाओं से संवाद कर केंद्र के सेवाओं की जानकारी ली तथा उपस्थित आरएचओ से मरीजों की स्थिति, सामान्य बीमारियों एवं दवाइयों की उपलब्धता पर चर्चा की। स्टाफ द्वारा भवन मरम्मत की मांग किए जाने पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।


इसके बाद कलेक्टर नम्रता जैन ने सुलेंगा के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों का अवलोकन कर छात्रों की संख्या, शिक्षकों की उपस्थिति, भवन की स्थिति, पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं की जानकारी ली। परिसर में निर्माणाधीन शौचालय भवन को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई एवं स्कूल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर दो बालिकाओं ने गोंडी भाषा में मधुर गीत प्रस्तुत किया, जिससे प्रसन्न होकर कलेक्टर ने बच्चों की सराहना की तथा सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित की। इसके पश्चात उन्होंने मड़ागड़ा एवं कन्हारगांव के विद्यालयों का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ओरछा जनपद सीईओ लोकेश्वर चतुर्वेदी, सरपंच, सचिव सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes