अमरोहा। नौगावां सादात थाना क्षेत्र में एक एमए की छात्रा के साथ क्लास में पढ़ने वाले युवक द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई, जो रेलवे कर्मी हैं, ने बहन को साथ लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से जुड़ा बताया गया है। यहां रहने वाले रेलवे कर्मी की एक बहन की ससुराल नौगावां सादात के एक गांव में है, जबकि उनकी छोटी बहन अमरोहा शहर के एक डिग्री कॉलेज में एमए की छात्रा है। छात्रा का अपनी बड़ी बहन से मिलने के लिए उसके ससुराल आना-जाना रहता है।
आरोप है कि बड़ी बहन की ससुराल से जुड़े मोहल्ले में रहने वाला एक युवक भी उसी डिग्री कॉलेज में छात्रा के साथ पढ़ता है। परिचित होने का फायदा उठाकर वह काफी समय से कॉलेज और रास्ते में छात्रा का पीछा कर परेशान कर रहा था। पीड़िता का आरोप है कि युवक उसके साथ छेड़छाड़ भी करता था, जिससे परेशान होकर उसने घर से निकलना तक कम कर दिया था।
बुधवार को छात्रा अपनी बड़ी बहन से मिलने उसकी ससुराल जा रही थी। रास्ते में आरोपी युवक ने उसे रोक लिया और फिर से परेशान करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान भीड़ जुटने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद छात्रा घर पहुंचकर गुमसुम हो गई। गुरुवार सुबह जब भाई ने उससे उदासी का कारण पूछा तो उसने पूरी आपबीती बता दी। इसके बाद रेलवे कर्मी बहन को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी अमित कुमार आनंद को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसपी से मुलाकात के बाद पीड़िता सीधे थाना नौगावां सादात पहुंची, जहां उसने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक को थाने बुलाया गया है, उसने स्वयं को मेरठ में होना बताया है। मामले की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
