भीलवाड़ा। अजमेर–भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मांडल क्षेत्र में कोठारी नदी के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अचानक हुए इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगे चल रहे एक ट्रक का टायर अचानक पंचर हो गया, जिससे पीछे आ रहे वाहन अनियंत्रित हो गए और एक के बाद एक टकराते चले गए। हादसे में ट्रैक्टर, बाइक, ट्रेलर, ट्रक और कार शामिल थे।
सूचना मिलते ही मांडल पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश धाबाई पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय, मांडल पहुंचाया तथा सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया । पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संवाददाता नारायण लाल खारोल
