अमरोहा। नगर के विकास को नई रफ्तार मिलती नजर आ रही है। पालिका अध्यक्ष शशि जैन एवं उप नगर आयुक्त डॉ. बृजेश कुमार के निरंतर प्रयासों से अमरोहा आज एक नई और सकारात्मक पहचान की ओर अग्रसर है। दिन हो या रात, शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर लगी आकर्षक एवं रंग-बिरंगी प्रकाश व्यवस्था यह दर्शाती है कि अमरोहा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कभी अंधेरे और गंदगी के लिए पहचाना जाने वाला अमरोहा अब स्वच्छ, सुंदर और जगमगाता हुआ नजर आ रहा है। नगर में कराए गए व्यापक सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ साफ-सफाई व्यवस्था और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के कार्यों ने शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। इन प्रयासों से जहां स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिली हैं, वहीं बाहर से आने वाले लोगों पर भी शहर की सकारात्मक और सशक्त छवि बनी है।
नगर के गणमान्य नागरिकों ने पालिका अध्यक्ष शशि जैन के कार्यों की खुले दिल से सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि आज़ादी के बाद पहली बार शहर में इस स्तर का समग्र और संतुलित विकास देखने को मिला है। उनके अनुसार पालिका अध्यक्ष शशि जैन, उनके पुत्र अखिल जैन एवं निखिल जैन तथा उप नगर आयुक्त डॉ. बृजेश कुमार के समन्वित और योजनाबद्ध प्रयासों से ही यह व्यापक परिवर्तन संभव हो सका है।
नगरवासियों को विश्वास है कि विकास की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता का सहयोग और विश्वास इसी प्रकार बना रहा तो अमरोहा आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। बदले हुए स्वरूप के साथ अमरोहा आज प्रगति, स्वच्छता और सौंदर्य का संदेश दे रहा है।
