Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

अमृत-2 के 131.58 करोड़ के कार्यादेश में देरी पर विधायक कोठारी ने उठाए सवाल :-NN81




मुख्यमंत्री शहरी जल जीवन मिशन में भीलवाड़ा को कब मिलेगा लाभ


स्वच्छ पेयजल पर सरकार की जमीनी योजना क्या है ?

भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से शहर की पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है। उन्होंने अमृत-2 योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी जल जीवन मिशन के तहत भीलवाड़ा को मिली स्वीकृतियों और कार्य प्रगति की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

     विधायक कोठारी ने पूछा कि क्या भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में अमृत-2 योजनांतर्गत 131.58 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल परियोजना स्वीकृत है? यदि हां, तो वर्तमान में कार्य किस चरण में है और अब तक क्या प्रगति हुई है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि एक वर्ष पूर्व डीपीआर स्वीकृत होने और तकनीकी व वित्तीय बिड खुलने के बावजूद अब तक कार्यादेश जारी नहीं किए गए, इसके पीछे क्या कारण हैं।

कोठारी ने बजट घोषणा 2025-26 में घोषित मुख्यमंत्री शहरी जल जीवन मिशन का हवाला देते हुए पूछा कि क्या भीलवाड़ा विधानसभा को इस योजना में शामिल किया गया है। यदि हां, तो कार्य कब तक प्रारंभ होंगे और स्वीकृत बजट की स्थिति क्या है। उन्होंने योजना की मार्गदर्शिका सहित संपूर्ण विवरण सदन के पटल पर रखने की मांग की।

विधायक ने यह भी प्रश्न किया कि प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सरकार की जमीनी कार्ययोजना क्या है। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त कोठारी ने वर्ष 2019 से अब तक भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए हैंड पम्प और ट्यूबवेल की वर्षवार संख्या, खर्च की गई धनराशि तथा संबंधित ठेकेदारों और 

फर्मों के नाम सहित विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने बजट घोषणा के अनुरूप सभी जिलों में स्वीकृत राशि जारी होने की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा।

विधायक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या लंबे समय से गंभीर विषय रही है। ऐसे में स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से पारदर्शिता और शीघ्र कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes