न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण माली
भीलवाड़ा। पुलिस लाइन के निकट स्थित फुलेरिया माली समाज के चारभुजा मंदिर में मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में शनिवार को विशाल आयोजन होने जा रहा है। सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर समारोह में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
हाथी भाटा आश्रम के संत सेवादास महाराज ने बताया कि सात दिवसीय महोत्सव का समापन शनिवार को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर 108 गांवों की प्रभात फेरियां भी भीलवाड़ा पहुंचेंगी, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
माली महासभा के जिला अध्यक्ष मदन लाल सोपुरिया एवं फुलेरिया माली समाज ने समाज बंधुओं से विशेष अपील की है कि शनिवार को अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान व कार्य बंद रखें और अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाएं।
शोभायात्रा के बाद मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
