रोशनी आनंद वि. सिंह-पवई-
पवई-आगामी गणतंत्र दिवस पर्व के अवसर पर महाराजा छात्रसाल स्टेडियम पवई में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पवई जनपद पंचायत के सभागार कक्ष में शाम 5 बजे से बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आयोजन की रूपरेखा तय करना एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करना रहा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम समीक्षा जैन ने की। बैठक में जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय, जनपद अध्यक्ष मोहनी मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष बसंत दहायत, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।
एसडीएम समीक्षा जैन ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को गरिमामय, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने हेतु समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
