किरावली आगरा । उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक, शाखा किरावली आगरा के चुनाव में नामांकन प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है। प्रत्याशी क्षेत्रपाल सिंह पुत्र श्री रघुनाथ सिंह, निवासी ग्राम अभेदपुरा, किरावली आगरा ने चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश, लखनऊ को शिकायती पत्र भेजकर उनके नामांकन पत्र को राजनीतिक दबाव में निरस्त किए जाने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्रपाल सिंह का नामांकन 20 जनवरी 2026 को हुआ था तथा 21 जनवरी 2026 को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान उनके नामांकन पत्र के पर्चा संख्या-3 में सहकारी समिति की सदस्यता से संबंधित कॉलम में उन्हें साधारण सदस्य दर्शाया गया, जबकि वे सहानुभूति सदस्य बताए जा रहे थे। इसी आधार पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। प्रत्याशी का आरोप है कि इसी प्रकार का पर्चा दूसरे प्रत्याशी मोहर सिंह द्वारा भी भरा गया था, लेकिन उनके नामांकन को वैध माना गया। दोनों प्रत्याशियों के पर्चे एक समान होने के बावजूद केवल एक प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया जाना भेदभावपूर्ण और राजनीतिक दबाव का परिणाम है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पहले पर्चा वापस लेने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया गया और जब ऐसा नहीं हुआ तो सक्षम अधिकारियों पर दबाव बनाकर नामांकन निरस्त करा दिया गया। इसके अतिरिक्त यह भी कहा गया कि कुछ पर्चों में बाद में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दूसरी राइटिंग में प्रविष्टि की गई, जिससे संदेह की स्थिति उत्पन्न होती है। प्रत्याशी क्षेत्रपाल सिंह ने चुनाव आयोग से मांग की है कि किरावली आगरा क्षेत्र के सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
