संवाददाता देवेंद्र चावडा
टिमरनी मध्य प्रदेश
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का वेतन काटने के निर्देश
➡️ परियोजना अधिकारी से जवाब तलब
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के गुरूवार को ग्राम सोडलपुर में आंगनवाड़ियों के निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक एक अव्यवस्थित हालत में मिला। कच्चे मकान में संचालित आंगनवाड़ी में न तो प्रकाश व्यवस्था थी, न ही कोई सूचना पटल प्रदर्शित किये गये थे। केन्द्र में बच्चों की उपस्थिति भी कम थी। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद नहीं थी।
उपरोक्त व्यवस्था को कलेक्टर श्री जैन ने गंभीरता से लेते हुए आंगनवाड़ी केन्द्र पर तमाम आवश्यक सुविधाएं तत्काल मुहैया कराने के अधिकारियों को निर्देश दिये। इस लापरवाही पर उन्होने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का वेतन काटने एवं विभागीय परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होने यहां आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 3 का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाएं देखीं। यहां कलेक्टर ने पोषणाहार वितरण, टीकाकरण जैसे कार्यों की नियमितता की भी पड़ताल की। अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने टिमरनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध उपचार सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होने यहां एनआरसी में भर्ती बच्चों को उपलब्ध सुविधाएं भी देखीं। साथ ही भर्ती बच्चों की विभागीय एप पर एंट्री करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने टिमरनी में उत्कृष्ट बालक छात्रावास, सीनियर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास एवं महाविद्यालयीन आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण कर वहां निवासरत विद्यार्थियों के रहने, भोजन एवं अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही छात्रावासों में गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराने एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ग्राम सोडलपुर में शासकीय टोडरमल पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान स्मार्ट कक्षाओं का निरीक्षण किया। यहां उन्होने बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे परिणाम लाने के लिये अभी से अध्यापन में अच्छी मेहनत करने के शिक्षकों को निर्देश दिये। कलेक्टर ने नेताजी सुभाषचन्द्र बोस बालिका छात्रावास टेमागांव का भी निरीक्षण कर वहां उचित प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं की आवासीय एवं भोजन व्यवस्था भी देखी।
सेन्ट्रल बैंक की मुख्य शाखा डॉ. बी.आर. अम्बेडकर चौक पर प्रारम्भ
जिला मुख्यालय पर पोस्ट ऑफिस के समीप संचालित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा का डॉ. बी.आर. अम्बेडकर चौक के समीप स्थानांतरित की गई। गुरूवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने स्थानान्तरित शाखा का शुभारम्भ किया। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, बैंक के जोनल हेड श्री धीरज गोयल, रीजनल हेडल रजत मिश्रा एवं शाखा प्रमुख रवि तिवारी मौजूद थे।
