संवाददाता
प्रदीप बैरागी झारड़ा
तहसील झारड़ा
जिला उज्जैन
झारड़ा।
विशाल हिन्दू सम्मेलन के अवसर पर सर्वप्रथम भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभा यात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। भगवा ध्वजों और जयघोषों के साथ निकली शोभा यात्रा ने पूरे नगर को धर्ममय वातावरण में रंग दिया।
सनातन संस्कृति, धर्म और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित यह विशाल हिन्दू सम्मेलन रविवार को झारड़ा में ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में झारड़ा सहित आसपास के ग्रामों से हजारों की संख्या में हिंदू समाजजन पहुंचे, जिससे नगर में अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला।
इस अवसर पर आयोजन समिति की अपील पर झारड़ा का संपूर्ण बाजार दोपहर 2 बजे तक पूर्णतः बंद रहा। व्यापारी वर्ग ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर सम्मेलन में सहभागिता की, जिससे सामाजिक एकता और सनातन चेतना का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
यह सम्मेलन हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति, झारड़ा मंडल के तत्वावधान में माघ कृष्ण पक्ष अमावस्या, विक्रम संवत 2082 के पावन अवसर पर बड़ा श्रीराम मंदिर परिसर में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन से हुई, जिसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सम्मेलन में श्री श्री महामंडलेश्वर स्वामी भगवाना नंद गिरि जी, श्री श्री 1008 महंत पूर्णानंद भारती जी, संघ प्रांत सह कार्यवाह रघुवीर सिंह सिसोदिया, दुर्गा वाहिनी जिला सहसंयोजीका सरोज पोरवाल एवं हिंदू सम्मेलन आयोजक समिति संयोजक सुनील पोरवाल मंचासीन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच से वक्ताओं ने सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा, हिंदू समाज की एकजुटता, संस्कारों की रक्षा एवं सामाजिक समरसता पर विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता के पीछे आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत, अनुशासन और समर्पण महत्वपूर्ण रहा। कार्यकर्ताओं ने शोभा यात्रा की व्यवस्था, मंच संचालन, अनुशासन, यातायात व्यवस्था, अतिथि सत्कार, प्रसादी वितरण एवं संपूर्ण आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया। उनकी मेहनत के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थितजनों के लिए भोजन प्रसादी की समुचित व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
इस विशाल हिन्दू सम्मेलन में झारड़ा के साथ-साथ तारोट, पाडलिया, रावतखेड़ी, काचरिया, सुमरा खेड़ा, सनेरिया, मानपुरा, आक्या बजरंग एवं साकरिया सहित आसपास के ग्रामों से आए समाजजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, कार्यकर्ताओं एवं व्यापारी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
हजारों की सहभागिता, संपूर्ण बाजार बंद, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और अनुशासित आयोजन के साथ सम्पन्न यह सम्मेलन क्षेत्र में सनातन स्वाभिमान, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।
