Nn 81 संवाददाता
मोतीलाल गोयल
तहसील उदयनगर जिला देवास मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश इको टूरिज्म विकास बोर्ड एवं मध्यप्रदेश वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में देवास (सामा.) वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र पुंजापुरा के बीरूपूरा( जोशीबाबा जंगल) में अनुभूति कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसकी थीम " "हम हैं धरती के दूत" रही। वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिये शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, वन एवं जैव विविधता के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुंजापुरा के कुल 151 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मास्टर ट्रेनर नंदकिशोर सालित्रा, वन परिक्षेत्र अधिकारी सत्येंद्रसिंह ठाकुर एवं परिक्षेत्र पुंजापुरा का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति पथ भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को वन क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न वृक्षों, वनस्पतियों एवं औषधीय महत्व की जड़ी-बूटियों की पहचान कराई गई तथा उनके उपयोग और महत्व की जानकारी भी दी गई। इसके साथ वनक्षेत्र में विचरण करने वाले वन्य-जीवों जैसे बाघ, तेंदुआ, सांभर और चीतल के अप्रत्यक्ष साक्ष्यों के माध्यम से वन्य-प्राणियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों को मृदा अपरदन एवं मृदा संरक्षण, वन्य-जीवों और उनके प्राकृतिक पर्यावास के पारस्परिक सह-सम्बन्ध, वनों की पारिस्थितिकीय भूमिका एवं वनों में पाए जाने वाले लघु वनोपज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। बच्चों ने प्रत्यक्ष रूप से प्रकृति को देखकर सीखने का अनूठा अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिये उपवन मंडल अधिकारी अंकित जामोद बागली ने पर्यावरण आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से वन परिक्षेत्र अधिकारी उदयनगर दिनेश निगम उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिये प्रोत्साहित किया। इसके अलावा कार्यक्रम में विशेष रूप से सनी यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, संतोष काग जिला सलाहकार समिति सदस्य एवं ग्राम पंचायत मानसिंहपुरा सरपंच श्री अमरसिंह मुजाल्दे और वन सुरक्षा समिति बीरपुर अध्यक्ष श्री रमेश कर्मा भी उपस्थित रहे। शासकीय विद्यालय की ओर से शिक्षक नरेंद्र गेहलोत,जितेंद्र देपाले,चेतन सेन,कमल भूरिया,गोविंद मंडलोई, अतुल कुमार पांडे,लोकेंद्र मालवीय, सुश्री रूपा वर्मा,श्रीमती कृष्णा माली,श्रीमती रितु पटेल, श्रीमती पूजा मिस्त्री उपस्थित रहे।
