Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

ओरछा ने निको को मात देकर फाइनल पर जमाया कब्जा - NN81



लोकेशन नारायणपुर 

संवाददाता खुमेश यादव 


छोटेडोंगर में आयोजित 10 दिवसीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ खेला गया। जायसवाल निको लिमिटेड एवं आमदई मजदूर संघ के संयुक्त तत्वावधान में डां. रमन सिंह स्टेडियम, छोटेडोंगर में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में अबूझमाड़ ओरछा और निको सीडीआर टीम आमने-सामने रहीं, जिसमें ओरछा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।


फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर ओरछा की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवर में ओरछा ने 5 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। टीम की ओर से रामलखन दोरपा ने 37 रन और राजेश कश्यप ने 33 रनों की सधी हुई पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी निको सीडीआर टीम 10 ओवर में 7 विकेट खोकर मात्र 67 रन ही बना सकी। इस तरह ओरछा ने 40 रनों से मुकाबला जीतकर फाइनल का खिताब अपने नाम किया।


शहीद मजदूरों की स्मृति में आयोजन

गौरतलब है कि आमदई माइंस क्षेत्र में दो वर्ष पूर्व नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी विस्फोट में स्थानीय मजदूर रिवेश नाग, श्रवण नाग और दिलीप बघेल की दुखद मृत्यु हो गई थी। उन्हीं दिवंगत मजदूरों की स्मृति में जायसवाल निको कंपनी द्वारा पिछले दो वर्षों से छोटेडोंगर में इस टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में इस वर्ष कुल 32 ग्रामीण व अर्धसैनिक बलों की टीमों ने भाग लिया, जिससे दूरस्थ अंचलों में खेलों के प्रति खासा उत्साह देखने मिला। 


मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष संध्या पवार तथा विशिष्ट अतिथि दीपक सेमल्टी एवं निको कंपनी के महाप्रबंधक एच.एन. झा ने विजेता-उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। विजेता टीम ओरछा को 30 हजार रुपये का चेक एवं ट्रॉफी, उपविजेता निको टीम को 20 हजार रुपये का चेक एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। तीसरे स्थान पर रही आयुष्मान आईटीबीपी टीम को 10 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही बड़गांव टीम को 5 हजार रुपये का चेक दिया गया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए ओरछा के रामलखन दोरपा को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया, वहीं निको टीम के गेंदबाज शैलेंद्र बेलसारिया को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला।


आईटीबीपी की सराहनीय पहल

तीसरे स्थान पर रही आयुष्मान आईटीबीपी टीम को मिली 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि को आईटीबीपी 29वीं वाहिनी के द्वितीय कमान दीपक सेमल्टी ने जाटलूर एवं मड़ागढ़ा की टीमों को देने की घोषणा की। इस मानवीय और खेल भावना से भरी पहल की ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।


मुख्य अतिथि संध्या पवार ने कहा कि छोटेडोंगर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ ग्रामीण खेलों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर रमन सिंह स्टेडियम में पटेल दीपक बेलसरिया, दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी लिखराम बेलसरिया, उपसरपंच संतोष बैठारू, जनपद सदस्य सोनसिंग कोराम, जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शकगण मौजूद रेे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes