शिवाजी तांबे
छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम चुनाव को लेकर आज महायुति की अहम बैठक हुई, लेकिन इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। बैठक में वार्डवार राजनीतिक स्थिति, इच्छुक उम्मीदवारों और स्थानीय समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह भी तय हुआ कि कल दोपहर एक बजे फिर से महायुति की बैठक होगी, जिसमें अधिकांश सीटों पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। कल की बैठक के बाद ही नगर निगम चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा स्पष्ट होगा।
इस बीच महायुति में शामिल अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को आज की बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था। पहले प्रमुख घटक दलों के बीच सहमति बनाई जाएगी, उसके बाद अन्य सहयोगी दलों के साथ अलग से बैठक की जाएगी।
बैठक में शिवसेना शिंदे गुट की ओर से पालक मंत्री संजय शिरसाठ, सांसद संदीपान भुमरे और विधायक प्रदीप जैस्वाल मौजूद थे। वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंत्री अतुल सावे, जिला अध्यक्ष किशोर शितोळे और विधान परिषद सदस्य संजय केणेकर ने भाग लिया।
