लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर जिले के ओरछा थाना से लगभग 30 किलोमीटर दूर अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम जाटलूर में पहली बार साप्ताहिक बाजार का शुभारंभ हुआ है। पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रोबिनसन गुड़िया और पुलिस प्रशासन की पहल पर शुरू हुए इस बाजार से 20 से अधिक पहुंचविहीन गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह साप्ताहिक बाजार प्रत्येक सप्ताह शनिवार को लगेगा। पहले डोडीमरका, पदमेटा, लंका, बोटेर, करांगुल, मुरुमवाडा, धोबे, कुमनार, गट्टाकाल सहित आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों को ओरछा बाजार जाने के लिए दो दिन का कठिन सफर तय करना पड़ता था। अब जाटलूर में ही बाजार लगने से ग्रामीणों की यह बड़ी परेशानी खत्म हो गई है।
दिनांक 20 दिसंबर 2025 को जाटलूर में आयोजित पहले ही बाजार में भारी उत्साह देखने को मिला। पुलिस, डीआरजी और केंद्रीय बल के सहयोग व प्रशासन के व्यापक जनसंपर्क के चलते बाजार पूरे साजो-सामान के साथ सजा। जिला मुख्यालय नारायणपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से कपड़ा, राशन, बर्तन और प्लास्टिक सामग्री के व्यापारी बाजार पहुंचे। हजारों ग्रामीणों ने बाजार की रौनक बढ़ाई।
इस बाजार से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। ग्रामीण अब अपने गांव में ही वनोपज की बिक्री कर सकेंगे और जरूरत का सामान आसानी से खरीद पाएंगे, जिससे उन्हें त्वरित आर्थिक लाभ होगा।
जाटलूर–लंका एक्सिस पर सुरक्षा कैंप खुलने, सड़क निर्माण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज हुई है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़क के बाद अब बाजार की शुरुआत को ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस द्वारा नक्सल मुक्त, सशक्त बस्तर की परिकल्पना को साकार करने के लिए लगातार “माड़ बचाओ” अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में नए सुरक्षा कैंप स्थापित कर सड़क, पुल-पुलिया निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया ने जाटलूर कैंप प्रभारी से टेलीफोनिक चर्चा कर बाजार की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और व्यापारियों व ग्रामीणों को समुचित सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार में आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
