राजसमंद राजस्थान
कांकरोली। गोविन्दम होटल में मैनेजर व कुक के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों जय खोखर व भावेश जाचा को कांकरोली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी होटल में घुसकर मैनेजर भागीरथ सिंह व स्टाफ पर हमला कर फरार हो गए थे। मारपीट की यह वारदात होटल के सीसीटीवी में कैद हुई थी।
प्रार्थी भागीरथ सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि 02 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे जय खोखर अपने साथी के साथ होटल में घुसा और पूर्व में उनके गेस्ट से हुई बहस को लेकर विवाद करने लगा। इसी दौरान आरोपी जय खोखर ने हॉकी से कर्मचारी राजेंद्र सिंह पर हमला किया और बीच-बचाव करने आए मैनेजर के साथ भी मारपीट की, जिससे हाथ-पैर पर चोटें आईं। आरोपी काली स्कॉर्पियो से आए थे।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देश पर एएसपी महेन्द्र पारीक, सीओ नेत्रपाल सिंह तथा थानाधिकारी सरोज बैरवा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिरों की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को मुखर्जी चौराहे क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात स्वीकार की।
दोनों ने बताया कि उनके मित्र डॉ. पलाश पालीवाल की होटल स्टाफ से पहले अनबन हुई थी, उसी के चलते उन्होंने मिलकर हमला किया। आरोपियों की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो RJ 30 UA 6131 को भी जब्त किया गया है। पुलिस शेष वांछित आरोपी की तलाश में जुटी है और आगे की पूछताछ जारी है।
