सिराली (हरदा), पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सिराली थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक आर. एस. तिवारी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के कोटवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के लगभग 50 कोटवारों ने सहभागिता की। बैठक का प्रमुख उद्देश्य थाना क्षेत्र में बढ़ती अपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए रणनीति तैयार करना था। इस दौरान थाना प्रभारी ने सभी कोटवारों को अपने-अपने ग्राम में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और समय रहते थाने को सूचना देने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी भी कोटवारों को दी गई। बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में प्राथमिक सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे ग्रामवासी आपात स्थिति में सुरक्षित रह सकें। थाना प्रभारी तिवारी ने कहा कि कोटवार प्रशासन की आंख और कान होते हैं, और उनके सक्रिय सहयोग से अपराध पर लगाम लगाई जा सकती है तथा आपदाओं से समय रहते निपटा जा सकता है।
