Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

लखनऊ के बुद्धेश्वर से लापता छात्र वृंदावन में मिला: मां की डांट से था नाराज - NN81




संवाददाता क्राइम, सिद्धार्थ सिंह पालीवाल, लखनऊ उत्तर प्रदेश


लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में मां की डांट से नाराज होकर 7वीं कक्षा का छात्र घर से साइकिल पर निकला और सीधे 400 किलोमीटर दूर मथुरा के वृंदावन पहुंच गया। तीन दिन तक उसकी तलाश चलती रही। आखिरकार पुलिस ने छात्र को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।


बुद्धेश्वर इलाके के रहने वाले छात्र ने 20 अगस्त की शाम किताब खरीदने के लिए मां से 100 रुपए मांगे थे। मां ने कहा-पढ़ाई नहीं करते, जब पापा आएंगे तब रुपए मिलेंगे। इस पर वह नाराज हो गया और करीब सवा 4 बजे घर से रेंजर साइकिल उठाकर निकल गया।


देर शाम तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर रात 8 बजे पारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।


गूगल पर सर्च की थी मथुरा की दूरी


डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में छात्र साइकिल से जाते दिखा। जांच में पता चला कि उसने मां के मोबाइल पर मथुरा की दूरी गूगल पर सर्च की थी।


ट्रक पकड़कर पहुंचा आगरा, फिर साइकिल से वृंदावन


सीसीटीवी में वह आगरा एक्सप्रेस-वे के काकोरी स्थित रेवरी टोल प्लाजा पर साइकिल से जाता दिखा। इसके बाद 70 किलोमीटर दूर बांगरमऊ कट पर उसने एक ट्रक पकड़ लिया। आगरा पहुंचकर साइकिल से यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए वृंदावन निकल गया।


प्रेमानंद महाराज से मिलने की थी ख्वाहिश


छात्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमानंद महाराज का भक्त है और उनके वीडियो देखता रहता था। उनसे मिलने की ख्वाहिश में ही वह घर से भाग गया। वृंदावन पहुंचते ही उसने शर्ट उतारकर साइकिल की हैंडिल में बांध दी और 'राधा-राधा' नाम का जाप करता रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes